पॉलिटिकल रिपोर्टर| रांची कृषि, सहकारिता एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेता तिर्की ने शनिवार को कहा कि एक एकड़ जमीन में हमें 1 लाख रुपए तक का मुनाफा मिल सकता है। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि बदलते तकनीक से जुड़ें और उन्नत कृषि कर अपना लाभ बढ़ाएं। किसान मालिक बनें, मजदूर नहीं। वे खुद की जमीन पर उन्नत कृषि के सहारे लाखों का रोजगार कर सकते हैं। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की दर्जनों योजनाएं किसानों को बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही हैं। कृषि मंत्री बनहोरा जतरा मैदान में जिला स्तरीय कृषि कर्मशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर रही थीं। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पहले जहां एक एकड़ में 25 हजार रुपए का मुनाफा किसानों को होता था, वहीं उन्नत कृषि के साथ यह मुनाफा 1 लाख रुपए तक पहुंच गया है। बनहोरा मैदान में लगाए गए स्टॉलों में विभाग द्वारा संचालित अलग- अलग योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारियां भी दी गई। शिल्पी नेहा तिर्की ने दो एफपीओ को 15-15 लाख के ग्रांट दिए । इनमें सरहुल आजीविका फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी और सरई फुल महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी शामिल रही। वहीं, किसान समृद्धि योजना के तहत पुनीता खलखो और सुमन उरांव को योजना का लाभ दिया गया। मंत्री ने बताया कि सरहुल आजीविका फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी नामक एफपीओ का सालाना कारोबार करीब 1 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।


