भास्कर संवाददाता | उज्जैन घट्टिया एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से जुड़े ट्रक चालकों ने चेतावनी दी कि यदि वेतन 1 दिसंबर तक 8000 से बढ़ाकर 15 हजार रुपए नहीं किया तो वे काम बंद हड़ताल पर जाएंगे। इस आशय का चेतावनी पत्र महाकाल एलपीजी गैस ड्राइवर एसोसिएशन नजरपुर से जुड़े चालकों ने घट्टिया के एसडीएम व प्लांट संचालनकर्ताओं को दिया है। इसमें इन्होंने लिखा कि उन्हें हर बार वेतन बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया जाता रहा है लेकिन वेतन नहीं बढ़ाया जा रहा है। 8 हजार रुपए में घर चलाना मुश्किल रहता है। लिहाजा उन्हें बढ़ा हुआ वेतन चाहिए। बताया जाता है कि 15 ट्रांसपोर्ट से जुड़े इन 230 ट्रक चालकों के हड़ताल पर चले जाने से प्रदेश के 70 फीसदी हिस्से में गैस सिलेंडर की सप्लाय बाधित होने की आशंका है। इसलिए कि इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन लिमिटेड एलपीजी बॉटलिंग प्लांट उज्जैन 70 फीसदी मप्र के अलावा तीन राज्यों की बार्डर के घरों तक सिलेंडर पहुंचाता है। शादी के दौर में हड़ताल हुई तो विवाह समारोह वाले परिवारों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। चेतावनी पत्र में चालक दिलीप सिंह, अब्दुल रईस, जेजे संकल, दीपेंद्र, शाकिर शाह, रमेश, दिनेश पाटीदार, नरेंद्र सिंह आदि के हस्ताक्षर है। ^ चालक वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने हड़ताल पर जाने का चेतावनी पत्र दिया है, ऐसी जानकारी लगी है। शुक्रवार को चालकों के प्रतिनिधिमंडल से और गैस प्लांट के जिम्मेदारों से चर्चा की जाएगी। – राजाराम करजरे, एसडीएम घट्टिया


