शिरोमणि अकाली दल (SAD) की तरफ से 1 सितंबर को मोगा में फतह रैली आयोजित करेगी। यह रैली पंजाब सरकार द्वारा लैंड पूलिंग पॉलिसी वापस लेने के उपलक्ष्य में आयोजित की जाएगी। इसका ऐलान शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने किया है। इससे पहले पार्टी ने सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि अगर पॉलिसी वापस नहीं ली गई तो सरकार के खिलाफ मोहाली में एक सितंबर से पक्का मोर्चा लगाया जाएगा। जिसे अब रद्द कर दिया गया है। 65 हजार एकड़ जमीन हड़पने की योजना थी सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में दिल्ली के लुटेरों के साथ मिलकर लैंड पूलिंग स्कीम के जरिए पंजाब की 65 हजार एकड़ उपजाऊ जमीन हड़पने की कोशिश की थी। इसका मकसद लगभग 30 हजार करोड़ रुपए का घोटाला करना था। अकाली दल के बहादुर कार्यकर्ताओं ने किसानों, खेत मज़दूरों और व्यापारियों के साथ मिलकर इस योजना के खिलाफ एक विशाल जन आंदोलन चलाया। चारों तरफ से पडे़ दवाब के बाद सरकार बैकफुट पर आई है। पहले दिन से पॉलिसी का विरोध किया सुखबीर बादल ने बताया कि हम किसानों के साथ खडे़ हैं। इस आंदोलन के दौरान चार बड़े धरने आयोजित किए गए। इसमें अंब साहिब गुरुद्वारे से लेकर मोहाली में केजरीवाल के नए “शीश महल” तक हर दिन मोर्चा करने का संकल्प लिया गया था। इस व्यापक विरोध ने आप सरकार को हिला दिया और उसे लैंड पूलिंग योजना वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।


