गुना के धरनावदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक पैडलर और स्मैक खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.30 ग्राम स्मैक जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.10 लाख रुपए बताई जा रही है। धरनावदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रूठियाई के एनएफएल रोड स्थित पुलिया के पास एक व्यक्ति स्मैक लेकर बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी रूठियाई से एक टीम मौके के लिए रवाना की गई। पुलिस को देख भागा आरोपी, खेतों में पकड़ा
पुलिस टीम जब एनएफएल रोड पुलिया के पास पहुंची, तो मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति वहां खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर खेतों में गिरते-उठते उसे बमुश्किल पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम किशन उर्फ छोटू जाटव (25) निवासी कर्माखेड़ी, रूठियाई बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 11.30 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खरीददार और सप्लायर का खुलासा
पूछताछ में किशन जाटव ने बताया कि उसने यह स्मैक सद्दाम खान पुत्र मुबारिक शाह, निवासी रूठियाई से खरीदी थी और इसे जयनारायण गुर्जर पुत्र मोहनलाल गुर्जर, निवासी नारोनी रूठियाई को बेचने के लिए पुलिया के पास खड़ा था। खरीददार भी गिरफ्तार, दोनों जेल भेजे
आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने स्मैक के खरीददार जयनारायण गुर्जर (52) को भी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। रविवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नशे के खिलाफ अभियान में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी एसआई प्रभात कटारे, एएसआई ओमप्रकाश शर्मा, विपिन कुमार तिर्की, प्रधान आरक्षक देवेंद्र सिंह सिकरवार, धीरेन्द्र सेंगर, आरक्षक धर्मेंद्र धाकड़, सत्येंद्र गुर्जर, ऋषिकेश शर्मा, रघुकुल मिश्रा, नीरज शर्मा, सचिन तोमर और विनीत लोधी की अहम भूमिका रही।


