1.30 लाख किसानों ने किया 17 हजार हे. रकबा का समर्पण

भास्कर न्यूज | बालोद जिले के 143 खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर 70 लाख 41 हजार 634 क्विंटल धान खरीदी हुई है। जिसकी पुष्टि शनिवार को फाइनल रिपोर्ट जारी कर जिला सहकारी बैंक ने की है। रिपोर्ट के अनुसार जिले के एक लाख 48 हजार 293 किसानों ने धान बेचा है। विभागीय अफसरों का कहना है कि 1 लाख 30 हजार से ज्यादा किसानों ने 17 हजार हे. से ज्यादा रकबा समर्पण किया है। इस वजह से भी खरीदी लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए जिले में कुल एक लाख 57 हजार 18 किसान पात्र थे। इस लिहाज से 8 हजार 725 किसान एक बार भी धान बेच नहीं पाए। हालांकि जिला सहकारी बैंक ने रिपोर्ट जारी कर पहले पंजीकृत किसानों का आंकड़ा एक लाख 55 हजार 119 बताया था। शनिवार को जारी रिपोर्ट में 1899 पंजीकृत किसानों का इजाफा किया गया है। ऐसी स्थिति क्यों बनी, इस संबंध में विभागीय अफसर बता नहीं पा रहें है। इस सीजन शासन स्तर से 82 लाख क्विंटल खरीदी लक्ष्य तय हुआ था। इस लिहाज से अतिरिक्त दो दिन का समय मिलने के बावजूद निर्धारित लक्ष्य से 11 लाख 58 हजार 366 क्विंटल कम धान की खरीदी हुई। केंद्रवार की जाएगी इसकी समीक्षा: ठाकुर जिला नोडल अधिकारी सीआर रावटे, जिला खाद्य अधिकारी टीआर ठाकुर का कहना है कि हर साल कई कारणों से 6 से 7 हजार किसान धान बेच नहीं पाते। इस बार 8 हजार किसान धान क्यों बेच नहीं पाए। इसकी समीक्षा केंद्रवार करेंगे। अधिकतर किसानों को 30 जनवरी के पहले टोकन जारी कर चुके थे। इसके अलावा शासन स्तर से दो दिन अतिरिक्त समय मिलने के बाद समिति के माध्यम से किसानों को सूचना दिए थे फिर भी सभी किसान धान बेचने केंद्र नहीं पहुंचे। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि उपज बेचने के बाद सहमति से किसानों ने रकबा समर्पण किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *