भास्कर न्यूज | सरगुजा लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 69 लाख 95 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत बिल्हमा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम “”मन की बात”” की 121वीं कड़ी के श्रवण से हुई। विधायक ने “मन की बात को जन जागरण और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाला मंच कहा। इसके बाद ग्राम पंचायत बिल्हमा, करौली और कोइलारी में साप्ताहिक हाट बाजार शेड निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। प्रत्येक कार्य की लागत 56.65 लाख रुपए है। विधायक ने कहा कि शेड निर्माण से व्यापारियों और ग्राहकों को धूप और बारिश से बचाव मिलेगा, जिससे व्यवसाय में वृद्धि होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी घटेगी। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों व कार्यकर्ताओं से भेंट की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने रोड, सीसी सड़क और स्कूल भवन मरम्मत जैसी मांगें रखीं, जिन्हें जल्द पूरा करने का आश्वासन विधायक ने दिया। साथ ही गंगोली में बन रहे पुल का निरीक्षण कर बरसात से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे। भूमिपूजन करते हुए विधायक मिंज और अन्य।


