10 दिवसीय 16वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में उमड़े लोग, प्रतियोगिता में शामिल हुए 100 बच्चे

सिटी रिपोर्टर | रांची 10 दिवसीय 16वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर का आयोजन मोरहाबादी मैदान में किया गया। दूसरे दिन रविवार को हजारों की संख्या में रांचीवासी खरीदारी के लिए पहुंचे। झारखंड चैंबर व जीएस मार्केटिंग एसोसियेट्स के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ट्रेड फेयर मेले में दोपहर तीन बजे से काफी भीड़ उमड़ने लगी, जो देर रात्रि तक रही। मेले में 3000 रुपए से अधिक की खरीद पर उपहार दिया जा रहा है। उपहार की वजह से भी आज बंपर खरीदारी हुई। हैंगर में खाने की सामग्री, होम डेकोर, हैंडीक्राफ्ट, हैंडलूम, होम अप्लायंस, ज्वेलरी, कुर्ती, साड़ी, हैंड बैग आदि के स्टॉल सजे थे, जहां महिलाओं की काफी भीड़ रही। वहीं, अफगानी प्रोडक्ट में ड्राई फ्रूट, ड्रेस, बैंकॉक की ज्वेलरी, चिकन कुर्ती, बंगाल का हैंडलूम, खिलौनों, कश्मीरी साड़ी, आकर्षक शाल के स्टाल सजे थे। 2 खादी कुर्ती 500 रुपए में होने की वजह से अच्छी बिक्री हुई। फेयर में प्यूरेस डेयरी की ओर से सभी प्रोडक्ट पर 20 फीसदी की छूट दी गई। पनीर, रबड़ी, घी, छाछ, दही, लस्सी आदि की होम डिलीवरी की भी सुविधा दी जा रही है। पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने आज ट्रेड फेयर का भ्रमण किया। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सहसचिव नवजोत अलंग आदि ने उनका स्वागत किया। चैंबर अध्यक्ष व महासचिव ने कहा कि रविवार छुट्टी का दिन होने की वजह से आज बड़ी संख्या में लोग ट्रेड फेयर देखने उमड़े हैं। सभी ने ट्रेड फेयर का अवलोकन कर इसकी सराहना की। यहां लोगों को एक ही जगह पर भिन्न-भिन्न प्रकार के नए उत्पादों को देखने व खरीदने का अवसर मिल रहा है। ट्रेड फेयर में रियल एस्टेट, होम एंड डेकॉर, फाइनेंस, लाइफस्टाइल, फर्नीचर एंड इंटीरियर, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्रोसेस्ड फूड, हेल्थकेयर, हैंडीक्राफ्ट्स समेत 35 हजार से अधिक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। ट्रेड फेयर आम लोगों के लिये रोजाना दिन के 11 बजे से रात्रि 9 बजे तक खुला रहेगा। ट्रेड फेयर में बच्चों के बीच डांस, पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। जिसमें पांच से 15 वर्ष तक के 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। सभी बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने कहा कि यहां रोजाना संध्या पाली में बच्चों के लिये कई प्रतियोगिताएं आयोजित होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *