10 साल पहले गैंगरेप के मामले में पैरोल पर आए आरोपी ने गैंग बनाया, फिर राहगीरों को निशाना बना लूटने लगा, काबू

लुधियाना| 10 साल पहले युवती से कार में गैंगरेप करने के मामले में पैरोल पर आए गांव मानकवाल के रहने वाले मोहन सिंह उर्फ मोनू ने तीन साथियों के साथ मिलकर गैंग बनाया। इसके बाद वह चारों लूटपाट की वारदातें करने लगे। उन लोगों ने राहगीरों के अलावा गैस एजेंसियों के डिलीवरी ब्वायज को भी अपना शिकार बनाया। अब थाना सदर की पुलिस ने चारों आरोपियों को काबू कर लिया। इन लोगों ने पुलिस हिरासत में लूट की कई वारदातें कबूली हैं। आरोपियों के कब्जे से थाना सदर की पुलिस ने 23 मोबाइल, 4 घड़ियां, 3 एयरपोड, 5 बाइक, एक दात व एक किरच बरामद की है। बाकी आरोपियों की पहचान ग्यासपुरा निवासी गोलू कुमार उर्फ गोलू, मुकेश कुमार व लोहारा रोड, ग्यासपुरा निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस हिरासत में आरोपियों से पूछताछ जारी है। बता दें कि कुछ समय से गैस एजेंसियों के कुछ डिलीवरी ब्वॉयज से लगातार लूटपाट की वारदातें हो रही हैं। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 कर्णवीर सिंह ने बताया कि थाना सदर के इलाके में गैस एजेंसी के डिलीवरी ब्वॉय से हुई लूट के मामले में थाना सदर की पु़लिस जांच कर रही थी। तभी थाना सदर के इंचार्ज अवतार सिंह को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने ट्रैप लगाया और आरोपियों को काबू किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातें कबूली। उन लोगों ने बताया कि वह लोग बाइक पर सवार होकर राहगीरों को अपना शिकार बनाते थे। कई लोगों को उन लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर भी लूटा है। उन्होंने बताया कि आरोपी मोहन सिंह उर्फ मोनू पर साल 2015 में होटल में काम करने वाली युवती को कार में ले जाकर गैंग रेप का मामला दर्ज हुआ था। साल 2024 में वह इस मामले में जेल से पैरोल पर बाहर आया। आरोपी गोलू पर असला एक्ट का मामला दर्ज है। जिसमें वह साल 2022 में जेल से बाहर आया। इसके बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ। कर्णवीर सिंह का कहना है कि बाकी दोनों आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है। पुलिस हिरासत में उनसे पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *