भास्कर न्यूज | जालंधर भारत विकास परिषद जालंधर शाखा ने मंगलवार को स्थानीय एसबीटी मॉडल स्कूल सोढल रोड में मंगलवार को 10वां गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम किया। इसकी अध्यक्षता परिषद के प्रांतीय कन्वीनर (संपर्क) मनोज हांडा ने की। वंदे मातरम के गायन के पश्चात शाखा सचिव कंचन शर्मा ने सभी का परिचय करवाया। इसके पश्चात परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष विवेक शर्मा ने बच्चों को परिषद की गतिविधियों के बारे में बताया कि कैसे हम सेवा के साथ संस्कार के कार्य भी करते हैं। एडवोकेट अरुणकांत शर्मा ने गुरू वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के अंतर्गत छठी से 10वीं तक अपनी कक्षाओं में प्रथम आए विद्यार्थियों द्वारा उनके शिक्षकों को सम्मानित करवाया और शिक्षकों एवं छात्रों को परिषद अधिकारियों द्वारा पुष्प हार, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, योग पुस्तकें आदि देकर सम्मान दिया। इसमें 5 विद्यार्थी और 7 शिक्षक सम्मानित किए गए। छात्रवृत्ति प्रकल्प प्रमुख राज सभ्रवाल ने बताया कि स्कूल के 10 जरूरतमंद विद्यार्थियों को आज 1500 छात्रवृत्ति, 10 कॉपियां और 10 पेन मदद के रूप में दिए जिससे यह अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रख सके। मनोज हांडा ने बच्चों को मोबाइल से यथासंभव दूरी बनाने और पढ़ाई में मन लगाने, अनुशासन में रहने अपने योग्य शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करने की प्रेरणा दी। प्रिंसिपल रजनी शर्मा ने बच्चों को बताई गई शिक्षाओं का पालन करने को कहा और परिषद अधिकारियों स्कूल प्रबंधक सुरिंदर कुमार दत्ता का धन्यवाद किया। कार्यकारी सदस्य अनिल शर्मा ने कार्यक्रम व्यवस्था में भरपूर योगदान दिया। राष्ट्रीय गान जन गण मन से कार्यक्रम की समाप्ति हुई।


