100 दिन में मितानिनों को मानदेय देने का वादा, दो साल में नहीं दिया

भास्कर न्यूज | धमतरी पुरानी कृषि मंडी में रविवार को आयोजित मितानिन सम्मान समारोह में सैकड़ों मितानिनों ने हिस्सा लिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कार्यक्रम में उपस्थित रहे, जिन्होंने मितानिनों को सम्मानित कर समाज सेवा में लगातार सक्रिय रहने की प्रेरणा दी। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में मितानिनों को 100 दिनों में उनकी मांगें पूरी करने का भरोसा दिया था और मानदेय में 50% वृद्धि का वादा भी किया था, लेकिन उन्होंने इन वादों को पूरा नहीं किया। वर्तमान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह केवल छलावा कर रही है। यह कार्यक्रम विधायक ओंकार साहू ने आयोजित किया। धमतरी विधानसभा के विभिन्न गांवों से आई मितानिनों को भूपेश बघेल ने संबोधित किया। कहा कि कोरोना काल के दौरान मितानिनों ने देवदूत बनकर कोरोना योद्धा के रूप में काम किया। कई जिंदगियां बचाईं। उन्होंने भाजपा शासन पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 साल तक उनकी सरकार ने मितानिनों का मानदेय नहीं बढ़ाया, जबकि कांग्रेस सरकार ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मितानिनों, किसानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पुलिस कर्मियों और सरपंचों का मानदेय बढ़ाया, लेकिन वर्तमान सरकार न तो मानदेय दे पा रही है और न ही सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में मितानिनों का गठन समाज सेवा के लिए किया था, लेकिन आज भाजपा के शासन में विकास ठप हो गया है। { कांग्रेस सरकार ने गोबर खरीदने से लेकर सभी जनहित योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार चुनाव के समय किए गए वादों, जैसे मितानिनों को 1000 रुपए देने की बात को अभी तक पूरा नहीं कर पाई है। { बिजली बिल बढ़ाने और स्मार्ट मीटर लगाने जैसे विवादास्पद फैसले भी लिए गए हैं। कांग्रेस ने 5 साल तक बिजली की कीमतें स्थिर रखी थीं, जबकि भाजपा सरकार ने 2 साल में 3 बार बढ़ोतरी कर दी। कांग्रेस कार्यकाल में सोसायटियों का 240 करोड़ का ऋण माफ किया था, लेकिन अब प्रबंधकों की मांगें अनदेखी कर उन्हें जेल तक भेज दिया है। जानबूझकर किसानों को परेशान करने की साजिश है। { गुरुजी जैसे आदरणीय पद का सम्मान होना चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि अब शिक्षकों से स्कूल में कुत्तों की रखवाली करवाई जा रही है। आदेश को तुरंत निरस्त करने की मांग की। कार्यक्रम में लगभग 800 मितानिनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक विधायक ओंकार साहू ने कहा कि मितानिनों की सेवा अतुलनीय और यादगार है, इसलिए हर साल उनका सम्मान किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के कार्यक्रम में मितानिनों को समोसे बांटकर अपमानित किया गया और भेदभाव किया। इस समारोह में अन्य प्रमुख नेताओं ने भी अपनी बात कही। बालोद विधायक संगीता सिन्हा, अंबिका मरकाम, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव, और जिला कांग्रेस अध्यक्ष शरद लोहाना सहित पूर्व महापौर विजय देवांगन, कविता बाबर, आनंद पवार, आकाश गोलछा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *