100 साल पुरानी विंटेज कारों का गवाह बनेगा जयपुर:100 से अधिक विंटेज और क्लासिक कारों का दिखेगा काफिला, एग्जीबिशन में आएगी देश की नामचीन गाड़ियां

राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब की ओर से राजस्थान पर्यटन विभाग के सहयोग से जयपुर विंटेज एंड क्लासिक कार एग्जीबिशन एंड ड्राइव का 27वां संस्करण आगामी 24 और 25 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित आयोजन ताज जय महल पैलेस, जयपुर में होगा। इसकी औपचारिक घोषणा अशोक क्लब में आयोजित राजपूताना ऑटोमोटिव स्पोर्ट्स कार क्लब की सामान्य बैठक के दौरान की गई। क्लब के जनरल सेक्रेटरी अविजित सिंह बदनोर ने बताया कि इस वर्ष के आयोजन में 100 से अधिक विंटेज और क्लासिक कारें प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें 100 साल से भी अधिक पुरानी ऐतिहासिक कारें शामिल होंगी। ये कारें न केवल राजस्थान बल्कि दिल्ली, गुड़गांव, चंडीगढ़, मुंबई सहित देश के विभिन्न हिस्सों से जयपुर लाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि एग्जीबिशन में ऑटोमोबाइल इतिहास की कई दुर्लभ और शाही कारें दर्शकों को देखने को मिलेंगी। इनमें फोर्ड मॉडल टी (1913), ऑस्टिन चम्मी (1923), रोल्स रॉयस (1934), कैडिलैक वी16 (1931), कैडिलैक (1958), शेवरले इम्पाला (1958), पैकर्ड कैवेलियर (1952), इंपीरियल जैसी प्रतिष्ठित कारें प्रमुख आकर्षण रहेंगी। इस अवसर पर क्लब के संस्थापक अध्यक्ष दयानिधि कासलीवाल, उपाध्यक्ष सुधीर कासलीवाल, सुधांशु कासलीवाल, हमीद घनी, सुधीर माथुर सहित क्लब के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के तहत 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक विंटेज और क्लासिक कारों की भव्य एग्जीबिशन आयोजित की जाएगी, जबकि 25 जनवरी को इन कारों की विशेष ड्राइव निकाली जाएगी, जिसमें शहर की सड़कों पर ऐतिहासिक वाहनों की शाही झलक देखने को मिलेगी। सुधीर कासलीवाल ने कहा कि यह आयोजन केवल कार प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि उन पुराने और अनुभवी मेकैनिक्स के लिए भी प्रेरणास्रोत है, जिनका पारंपरिक हुनर बदलती तकनीक और ऑटोमेशन के कारण प्रभावित हुआ है। यह प्लेटफॉर्म उनके कौशल को पहचान और नए रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *