सिटी रिपोर्टर | रांची आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर श्री सुरेश्वर महादेव मंदिर से 10 अगस्त को एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा प्राचीन श्रीराम मंदिर, गणपत नगर होते हुए शास्त्री मैदान तक पहुंचेगी। रास्ते में श्रीराम मंदिर द्वारा तिरंगा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद आरती का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के संतोष कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम की विशेषता यह है कि शास्त्री मैदान में भारत का एक विशाल नक्शा बनाया गया है, जिसमें हजारों लोग एक साथ खड़े होकर देशभक्ति का संदेश देंगे। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण 1000 मीटर लंबा तिरंगा होगा। साथ ही 100 मीटर का दूसरा तिरंगा एवं कई छोटे-बड़े झंडे भी साथ चलेंगे। यह सभी झंडे मंदिर परिसर में ही तैयार किए जा रहे हैं। आयोजन में सैकड़ों लोग शामिल होंगे। यह आयोजन पिछले तीन वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। आयोजकों का कहना है कि देशभक्ति केवल एक दिन की भावना नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका लगातार विस्तार होना चाहिए, जिससे लोग देश के लिए हमेशा समर्पित भाव रख सके।


