गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में 108 सप्ताह से चल रहा हनुमान चालीसा पाठ 20 मई को संपन्न होगा। पेंड्रा नगर के मल्टीपरपज हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में शाम 6 बजे से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समारोह की मुख्य अतिथि CM विष्णुदेव साय की पत्नी कौशिल्या साय रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ के प्रमुख चंद्र शेखर वर्मा करेंगे। बता दें कि VHP, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और मातृ शक्ति के सहयोग से यह कार्यक्रम कराया जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद जीपीएम के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने बताया कि यह पाठ पेंड्रा-बिलासपुर मार्ग पर पटियाला हाउस के पास स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुआ था। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक अभियान है। उद्यापन समारोह में भजन संध्या का भी आयोजन किया गया है। इसमें प्रसिद्ध गायक अंजली यादव, बृजकिशोर गुप्ता, जूनियर लक्खा आशीष और कवि सिंह भजन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में धर्मसभा और महाभंडारे का भी आयोजन होगा। हर्ष छाबरिया ने बताया कि जिले के विभिन्न मंदिरों में हनुमान चालीसा आयोजन का मुख्य उद्देश्य धार्मिक चेतना का जागरण है। मंदिरों को केवल पूजा स्थल न मानकर उन्हें सामूहिक साधना, शिक्षा और सेवा का केन्द्र स्थापित करना। जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्र से ऊपर उठकर सभी को एक सूत्र में पिरोना। विशेष अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, तेलघानी बोर्ड मध्य प्रदेश के अध्यक्ष रवि किरण साहू, देशभक्ति गायिका कवि सिंह, स्वामी परमात्मानंद, आचार्य राकेश महाराज, अतुलेश्वरानंद महाराज, स्वामी कृष्ण प्रपन्नाचार्य कामता महाराज, महानंद महाराज शामिल होंगे। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद के विभूति भूषण पांडे, घनश्याम चौधरी, बजरंग दल के ऋषि मिश्रा, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण चौहान, जीपीएम जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. ललित मखीजा, भाजपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया राठौर, बृजलाल राठौर, गोपाल अग्रवाल और जय प्रकाश शिवदासानी जेठू शामिल होंगे।


