स्व. ओम प्रकाश सलूजा के सातवें पुण्य स्मरण पर मां शारदा सहायता समिति और सलूजा परिवार द्वारा ओम मेडिकल स्टोर्स गंज प्रांगण में एक भावनात्मक और अभिनव कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 108 लोगों ने एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ से रक्तदान कर देशभक्ति और मानव सेवा का अद्भुत संदेश दिया। इस मौके पर महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, आमला-सारनी विधायक डॉ. योगेश पंडागरे, नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर और सलूजा परिवार के सदस्यों ने स्व. ओम प्रकाश सलूजा को पुष्पांजलि अर्पित कर किया। रिबन काटकर शिविर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पं. कान्त दीक्षित, प्रमोद अग्रवाल, राजसिंह परिहार, मंजीत सिंह सहानी, दीपक खुराना, राजू अग्रवाल और गुड्डू शर्मा ने रक्तदान और स्व. सलूजा के व्यक्तित्व पर प्रेरक उद्बोधन दिए। जागरूकता प्रदर्शनी भी आयोजित की शिविर स्थल पर रक्तदान जागरूकता प्रदर्शनी भी आयोजित की। जिसमें रक्तदान के लाभ और पात्रता की जानकारी चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से दी। प्रदर्शनी ने उपस्थित लोगों की सोच को बदलते हुए कई लोगों को तत्काल रक्तदान के लिए प्रेरित किया। प्रदेश का यह पहला आयोजन था, जिसमें रक्तदान को समर्पित आर्केस्ट्रा प्रस्तुत की। साक्षी शर्मा, डॉ. सागर बिंझाड़े, अनंत तिवारी, भरत सूर्यवंशी, पूनम धोटे, संगीता राठौड़ सहित कई कलाकारों ने रक्तदान गीतों की प्रस्तुति दी। मानवीय संवेदनाओं की प्रेरणा दी इस अवसर पर रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरुष रक्तदाताओं को रक्तक्रांति सम्मान 2025 से नवाजा गया। महिलाओं को रक्त वीरांगना सम्मान 2025 प्रदान कर उनके योगदान को सराहा। थैलीसीमिया और सिकल सेल से पीड़ित बच्चों ने रक्तदाता पुरुष और महिलाओं को गुलाब भेंट कर धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया देशभक्ति केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवता की सेवा भी सच्ची देशभक्ति है। 108 रक्तवीरों और रक्त वीरांगनाओं ने एक हाथ में तिरंगा और दूसरे हाथ से रक्तदान कर समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं की प्रेरणा दी।


