11वीं के छात्र चिंताराम पटेल का राष्ट्रीय शालेय खेल स्पर्धा में चयन

भास्कर न्यूज | बारगांव कक्षा 11वीं के छात्र और हॉकी खिलाड़ी चिंताराम पटेल का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता (अंडर-17 बालक वर्ग) के लिए उनका चयन हुआ है। वे जिले के बेरला विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारगांव के छात्र हैं। यह प्रतियोगिता झारखंड की राजधानी रांची में 27 से 31 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। जहां चिंताराम छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। व्यायाम शिक्षिका एवं कोच तुलसी साहू ने बताया कि ग्रामीण अंचल के छोटे से गांव मुड़पार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना बेमेतरा जिले के लिए गौरव का विषय है। यह पहला अवसर है, जब इस क्षेत्र के किसी खिलाड़ी का चयन राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद चिंताराम ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। वे प्रतिदिन सायकल से लगभग 4 किलोमीटर दूर बारगांव विद्यालय के खेल मैदान में अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। चिंताराम के पिता देवीसिंह पटेल कृषक हैं, उन्होंने चिंताराम को आगे बढ़ने प्रेरित किया। प्राचार्य श्याम सिंह सहित विद्यालय के पूर्व प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संकुल समन्वयक ने हर्ष जताया। दुर्ग संभाग की टीम को कांस्य पदक दिलाने में भूमिका बताया कि चिंताराम पटेल ने हाल ही में कोरबा में आयोजित 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने चार महत्वपूर्ण गोल दागकर दुर्ग संभाग की टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और यहीं से उनके राष्ट्रीय स्तर पर चयन का मार्ग प्रशस्त हुआ। चिंताराम ने कहा कि उनका सपना हॉकी के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर अपने गांव, जिले और राज्य का नाम रोशन करना है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और कोच तुलसी साहू के मार्गदर्शन को दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *