भास्कर न्यूज | लुधियाना मेहरबान इलाके के कैलाश नगर में 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली 19 वर्षीय छात्रा प्रीति पर मोहल्ले के एक युवक ने बेरहमी से हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि प्रीति के सिर में गहरी चोट आई और सिर फटने से हड्डी तक दिखाई देने लगी। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल प्रीति ने बताया कि वह 12वीं कक्षा की छात्रा है। उसकी मां फैक्ट्री में काम करती हैं, जबकि पिता होजरी फैक्ट्री में कर्मचारी हैं। परिवार में तीन भाई-बहन हैं, जिनमें दो बहनें हैं। प्रीति के अनुसार घटना रात करीब 9 बजे की है, जब मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे और उसकी मां को अपशब्द कहे। प्रीति ने बताया कि आरोपियों ने उसकी मां को गालियां दीं, जिसका उसने विरोध किया। इसके बाद एक युवक डंडा लेकर उसके सामने आ गया। पहले बातचीत हुई, लेकिन बात जल्द ही हाथापाई में बदल गई। इस दौरान आरोपी ने न सिर्फ प्रीति पर हमला किया, बल्कि उसकी मां के साथ भी मारपीट की। आरोपी ने दोबारा घर से लौटकर किया दातर से सिर पर वार… पीड़िता के मुताबिक हमले के बाद आरोपी कुछ देर के लिए घर चला गया, लेकिन फिर घर के अंदर से तेजधार हथियार दातर लेकर लौटा और दोबारा हमला कर दिया। दातर से किए गए वार में प्रीति के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गई। प्रीति ने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले भी इसी व्यक्ति के साथ विवाद हो चुका है। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। घायल छात्रा का इलाज जारी है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमले के कारणों की भी जांच की जा रही है।


