1300 रुपए सस्ता हुआ 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोना:चांदी प्रति किलो की कीमत घटकर पहुंची 98,400 रुपए

शेयर बाजार में हो रहे बदलाव का असर सोने और चांदी की कीमत पर नजर आने लगा है। रिकॉर्ड तेजी के बाद शनिवार को स्टैंडर्ड सोने की कीमत में जहां 1300 रुपए, वहीं चांदी की कीमत में 400 की गिरावट हुई है। इसके बाद जयपुर के सर्राफा बाजार में 10 ग्राम स्टैंडर्ड सोने की कीमत घटकर 87 हजार 100 रुपए पर पहुंच गई है। वहीं, चांदी प्रति किलो की कीमत घटकर 98 हजार 400 रुपए पर आ गई है। सर्राफा व्यापारी राजेश्वर शर्मा ने बताया कि फिलहाल सोने और चांदी का बाजार पूरी तरह से गड़बड़ाया हुआ है। पिछले दिनों हुई रिकॉर्ड तेजी के बाद आज सोने की कीमत में 1300 रुपए की बड़ी गिरावट हुई है। इसकी वजह से जयपुर के सर्राफा बाजार में ग्राहकों की कमी साफ तौर पर नजर आ रही है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सोने और चांदी के बाजार में यही हालत रहने की संभावना है। क्यों कि वैश्विक बाजार की अस्थिरता की वजह से कीमती धातुओं की कीमत में दिनों – दिन बदलाव हो रहा है। जयपुर सर्राफा कमेटी की ओर से जारी भाव के अनुसार जयपुर में 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 87 हजार 100 रुपए पर आ गई है। 22 कैरेट प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत 81 हजार 900 रुपए पहुंच गई है। सोना 18 कैरेट 69 हजार रुपए प्रति दस ग्राम और 14 कैरट 55 हजार 600 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं, चांदी रिफाइन की कीमत 98 हजार 400 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान 1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉल मार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से 6 डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉल मार्क कोड होगा। इसे हॉल मार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है। 2. कीमत क्रॉस चेक करें सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्‍यों कि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है। कैरेट के हिसाब से ऐसे चेक करें कीमत: मान लीजिए 24 कैरेट सोने का दाम 60 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत हुई 6000 रुपए। ऐसे में 1 कैरेट शुद्धता वाले 1 ग्राम सोने की कीमत हुई 6000/24 यानी 250 रुपए। अब मान लीजिए आपकी ज्वेलरी 18 कैरेट शुद्ध सोने से बनी है तो 18×250 यानी इसकी कीमत 4,500 रुपए प्रति ग्राम हुई। अब आपकी ज्वेलरी जितने भी ग्राम की है उसमें 4,500 रुपए का गुणा करके सोने की सही कीमत होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *