शहडोल के गोहपारू थाना क्षेत्र के कुबरी गांव में एक 14 वर्षीय लापता बालिका का शव घर के पास स्थित कुएं में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, पूजा सिंह (14 वर्ष), पिता ललन सिंह, कुछ दिन पहले घर से नाराज होकर लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस भी बालिका की तलाश कर रही थी। इसी बीच, ग्रामीणों ने घर के पास के कुएं में एक शव उतराता देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त पूजा सिंह के रूप में की। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।


