14.53 करोड़ से 2 साल में बनेगा

प्रहलाद तिवारी | भीलवाड़ा आरसी व्यास कॉलोनी स्थित इंदिरा गांधी सामुदायिक भवन की जर्जर बिल्डिंग को हटाकर यूआईटी यहां कन्वेंशन सेंटर बनाएगी। कन्वेंशन सेंटर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें 15 से 20 एसी रूम व करीब 1000 लोगों के बैठने की क्षमता का हॉल होगा। शहर के औद्योगिक विकास के कारण यहां साल भर प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की से​मिनार होती है। इसके लिए यहां वर्तमान में ऐसा कोई सरकारी भवन नहीं है, जिसमें बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के आवास व्यवस्था भी हो। शहरवासियों की सुविधा बढ़ने के साथ यूआईटी को इससे आय भी होगी। यहां शादी-विवाह सहित अन्य मांगलिक आयोजन भी होंगे। प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। मुख्य हॉल, तथा 3000 से अधिक मेहमानों के लिए विशाल आउटडोर बैंक्वेट गार्डन विकसित किया जाएगा। कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और आधुनिक सुविधा उपलब्ध होगी। इससे आरसी व्यास कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों का विकास भी होगा। कनवेंशन सेंटर | यहां 3000 मेहमानों के बैठने की सुविधा आरसी व्यास कॉलोनी में होगा निर्माण आरसी व्यास कॉलोनी में इंदिरा गांधी सामुदायिक भवन के स्थान पर बहुउद्देशीय कन्वेंशन सेंटर बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने बजट भाषण में की। इसके तहत यूआईटी ने कोटा की एजेंसी मैसर्स पवन कुमार जैन को कार्य आदेश जारी कर दिया। यूआईटी सचिव ललित गोयल ने बताया कि इस परियोजना पर 14 करोड़ 53 लाख 1 हजार 598 रुपए की लागत आएगी। निर्माण कार्य 1 सितंबर 2025 से शुरू होकर 31 अगस्त 2027 तक, यानी 24 माह में पूरा किया जाएगा। 25 साल पहले बना था शहर का सबसे बड़ा भवन इंदिरा गांधी सामुदायिक भवन का उद्घाटन वर्ष 2001 में 13 नवंबर को राज्य के तत्कालीन गृहमंत्री गुलाब सिंह शक्तावत व विधानसभा उपाध्यक्ष कुंवर देवेंद्र सिंह ने किया था। राज्य के पूर्व मुख्य सचिव सुधांश पंत उस समय भीलवाड़ा कलेक्टर एवं यूआईटी चेयरमैन थे। उस समय शहर का सबसे बड़ा सामुदायिक भवन था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *