देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में बीकानेर और चूरू के 115 बुजुर्ग इस बार जगन्नाथपुरी की यात्रा करेंगे। ये बुजुर्ग 15 जनवरी को जगन्नाथपुरी के लिए जयपुर रेलवे स्टेशन से रवाना होंगे। इसके लिए दोपहर 11 बजे उन्हें जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। यह ट्रेन 15 जनवरी को सुबह 8 बजे जवाईबांध से रवाना होगी जो अजमेर-जयपुर होते हुए जगन्नाथपुरी जाएगी। बीकानेर और चूरू के बुजुर्गों के टिकट बनवाने के लिए देवस्थान विभाग बीकानेर के तीन कर्मचारी 14 जनवरी को जयपुर रवाना होंगे। वे टिकट बनवाने के लिए 15 जनवरी को जयपुर रेलवे स्टेशन पर बीकानेर और चूरू के यात्रियों के दस्तावेजों की जांच पड़ताल करेंगे। देवस्थान विभाग बीकानेर के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि इस ट्रेन में बीकानेर के तीन अनुदेशक भी लगाए गए हैं। विभाग के कर्मचारी महेश शर्मा, रितेश श्रीमाली और राजेंद्र राजपुरोहित की ड्यूटी लगाई गई है जो बीकानेर और चूरू के यात्रियों की टिकट और दस्तावेजों की जांच करेंगे। ये तीनों कर्मचारी 16 को वापस बीकानेर आएंगे। इस ट्रेन में 776 लोग जगन्नाथ पुरी जाएंगे। इनमें जवाईबांध से 125, अजमेर के 140, जयपुर के 50, बीकानेर और चूरू के 115, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और अनूपगढ़ के 85 बुजुर्गों के अलावा जोधपुर के 60, जोधपुर ग्रामीण के 60, जैसलमेर के 25, बाड़मेर के 70, बालोतरा के 40 और सांचौर के 6 बुजुर्ग भी जगन्नाथपुरी जाएंगे।


