15 को होगी मतगणना, सभी निकायों में लगाएं जाएंगे 15-15 टेबल

भास्कर न्यूज| महासमुंद नगरीय निकाय निर्वाचन 2025 के तहत 15 फरवरी को मतगणना होगी। मतगणना के सुचारू और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह की उपस्थिति में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी गणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक और मतगणना दलों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया, नियम और निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि कुमार साहू ने बताया कि सभी नगरीय निकायों में 15 -15 टेबल लगाए जाएंगे। मतगणना सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगी। सबसे पहले ईडीबी मतपत्रों की गिनती होगी। इसके बाद सुबह 9.30 से ईवीएम की गिनती शुरू होगी। प्रत्येक टेबल में एक गणना पर्यवेक्षक और एक गणना सहायक मौजूद रहेंगे। मतगणना केंद्रों में कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ले जा सकेंगे। परिणाम घोषित होने के बाद ही मशीनों की सीलिंग की जाएगी। प्रशिक्षण मे कलेक्टर लंगेह ने सभी मतगणना दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। इसमें मतगणना के पूर्व की तैयारियां, मानव संसाधन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं, ईवीएम से मतगणना की प्रक्रिया, परिणाम घोषणा की विधि और अन्य महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि मतगणना पूर्णतया पारदर्शी और निष्पक्ष हो। इसका विशेष ध्यान रखें। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवि साहू, रिटर्निंग अधिकारी रविराज ठाकुर, हरिशंकर पैकरा भी मौजूद थे। मास्टर ट्रेनर तोषण गिरी गोस्वामी ने मतगणना प्रक्रिया के हर चरण को प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से समझाया, जिसमें ईवीएम से डाटा निकालने की प्रक्रिया, गणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विभिन्न टेबलों पर गणना कर्मियों की भूमिका और विवादों के समाधान की प्रक्रिया जैसी अहम जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण में बताया गया कि मतगणना कार्य पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। मतगणना कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *