15 साल बाद बनी सड़क 3 महीने में टूटी:सांसद औजला के आरोप- घटिया सामग्री का प्रयोग हुआ; विजिलैंस इन्क्वायरी की रखी मांग

पंजाब के अमृतसर में संगतपुरा होते हुए फतेहगढ़ चूड़ियां तक जाने वाली सड़क की हालत महज तीन महीने में ही खराब हो गई है। जबकि ये सड़क लोगों की मांग के बाद 15 साल बाद बनाई गई थी। सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़ गए हैं और अधूरी निर्माण प्रक्रिया के चलते राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद गुरजीत औजला ने इस सड़क निर्माण की जांच विजिलैंस से करवाने की मांग रखी है। सांसद गुरजीत औजला ने जानकारी दी कि इस सड़क को कामरेड सोहन सिंह जोश मार्ग के नाम से भी जाना जाता है। पंजाब सरकार ने 15 साल बाद इस सड़क का निर्माण करवाया था और इसे 18 से 33 फीट तक चौड़ा किया गया था। नई सड़क बनने से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन इतनी जल्दी सड़क के टूटने से निर्माण कार्य पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों के पैसों का हुआ दुरुपयोग सांसद औजला ने कहा कि यह सड़क जनता के टैक्स के पैसे से बनाई गई थी, लेकिन इसकी हालत कुछ ही महीनों में खराब हो गई। यह सीधे तौर पर जनता के पैसे की बर्बादी है। निर्माण कार्य में घोटाला हुआ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बिजली के खंभे और पेड़ भी नहीं हटाए गए सड़क के चौड़ीकरण के दौरान कई जगह बिजली के खंभे और पेड़ नहीं हटाए गए, जिससे सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इस लापरवाही के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। इससे पहले, खराब सड़क की वजह से कई हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। अब प्रशासन जगह-जगह पैचवर्क कर सड़क की मरम्मत करवा रहा है, लेकिन सांसद औजला ने इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश बताया। डेरा बाबा नानक को जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग सांसद औजला ने कहा कि फतेहगढ़ चूड़ियां रोड अमृतसर और भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित डेरा बाबा नानक शहर के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से अमृतसर से पाकिस्तान के श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर तक पहुंचा जा सकता है। यह 24 किलोमीटर लंबा मार्ग अमृतसर और गुरदासपुर जिलों को जोड़ता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *