15 हजार उपभोक्ताओं को ओवरलोडिंग से निजात, दो महीने में काम होगा पूरा

भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर में बढ़ती आबादी और बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) ने शहीद भगत सिंह नगर, पखोवाल क्षेत्र में 2200 गज भूमि पर नया ग्रिड स्थापित करने की योजना शुरू कर दी है। इस परियोजना का उद्देश्य मॉडल टाउन क्षेत्र पर पड़ रहे अतिरिक्त लोड को कम करना और उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है। अधिकारियों के अनुसार, मॉडल टाउन का लगभग आधा हिस्सा नए ग्रिड के तहत शहीद भगत सिंह नगर जोन में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे तकनीकी लोड का संतुलन बनेगा और खासकर गर्मियों में होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी। विभाग का कहना है कि अलग जोन बनने से फॉल्ट ट्रेसिंग और मरम्मत कार्य तेज होंगे, जिससे उपभोक्ताओं को कम समय में सेवा मिल सकेगी। पावरकॉम अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के सीजन को ध्यान में रखते हुए नए ट्रांसफार्मर और ग्रिड की विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है। अगले दो महीनों में सभी परियोजनाएं पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि गर्मी के चरम समय में किसी तरह की परेशानी न हो। नई योजना के तहत मॉडल टाउन क्षेत्र के किरण विहार, सेंट्रा ग्रीन, शाम नगर और शहीद भगत सिंह नगर को नए जोन में शामिल किया जाएगा। इन इलाकों में करीब 15 हजार बिजली कनेक्शन हैं, जिन्हें अलग-अलग फीडर और जोन में बांटा जाएगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *