16 साल की लड़की की शादी 36 के व्यक्ति से:सतना में 10 में पढ़ने वाली की शादी की रस्में हो गई थीं शुरू, बाल विवाह रुकवाया

सतना में 16 साल की लड़की से 36 के व्यक्ति का विवाह होने से रोका। नागौद परियोजना क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस की लाडो टीम की संयुक्त कार्रवाई से एक नाबालिग का बाल विवाह समय रहते रोक। मामला नागौद क्षेत्र के एक गांव का है। लड़की वर्तमान में कक्षा 10वीं की छात्रा है। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और रस्में भी शुरू हो गई थीं। चाइल्ड हेल्पलाइन पर मिली सूचना
एक जागरूक व्यक्ति ने चाइल्ड हेल्पलाइन भोपाल के टोल फ्री नंबर पर बाल विवाह की सूचना दी। शिकायत महिला एवं बाल विकास परियोजना नागौद के परियोजना अधिकारी इन्द्रभूषण तिवारी को मिली, जिन्होंने तुरंत एसडीएम अनिकेत शांडिल्य को जानकारी दी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद रुकी शादी
एसडीएम के निर्देश पर सीडीपीओ, नागौद टीआई अशोक पांडेय और जसो थाना टीआई बृजभान सिंह की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले परिवार और दूल्हे को समझाने का प्रयास किया। दूल्हा शुरू में शादी रोकने को तैयार नहीं था। पुलिस के हस्तक्षेप और बाल विवाह प्रतिषेध कानून की जानकारी दिए जाने के बाद दूल्हा विवाह न करने पर सहमत हुआ, जिसके बाद शादी तत्काल रुकवा दी गई। पारिवारिक हालात के कारण कराया जा रहा था विवाह
जांच में सामने आया कि नाबालिग लड़की के पिता जेल में हैं और मां घर छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई है। परिवार में लड़की के साथ दो छोटी बहनें और एक भाई हैं, जो 75 वर्षीय दादा के साथ रहते हैं। दादा ने उम्र और आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कहते हुए बच्चों की देखभाल में असमर्थता जताई थी, इसी कारण विवाह कराया जा रहा था। तीन बच्चों को संरक्षण में लिया
प्रशासन ने लड़की की दो बहनों और भाई को संरक्षण में लेते हुए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार बच्चों को जल्द जबलपुर शिफ्ट किया जाएगा, जहां उनकी शिक्षा और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। नाबालिग लड़की को परीक्षा के बाद शहडोल में दादी के पास भेजा जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग या चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *