कोटा में 17 सितम्बर से शहरी सेवा शिविर और ग्रामीण सेवा शिविर शुरू किए जा रहे हैं। शिविरों में अलग-अलग विभागों से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान होगा। सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सीधे पहुंचाया जाएगा। नगर निगम उत्तर आयुक्त अशोक त्यागी ने बताया- शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वार्ड वार आयोजित होंगे, इनमें साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नई लाइट लगाना, टूटी नालियों की मरम्मत, आवारा पशुओं की पकड़ाई, ब्लैक स्पॉट सुधार, पार्कों की देखरेख, सीवरेज कनेक्शन, सार्वजनिक स्थलों का रख-रखाव और ऑफिसों में लंबित पत्रावलियों का निस्तारण किया जाएगा। विभिन्न प्रकार के पट्टों, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, ट्रेड लाइसेंस, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, पार्किंग स्थलों का विकास और अन्य सेवाएं प्रदान की जाएगी। गांव के लोगों की समस्याओं का होगा समाधान
त्यागी ने बताया- ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य गांव स्तर पर योजनाओं और सेवाओं को सुलभ कराना है। इनमें राजस्व विभाग की ओर से नामांतरण, मूल निवास व जाति प्रमाण पत्र, किसान गिरदावरी ऐप डाउनलोड और लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा। ग्रामीण विकास विभाग बीपीएल सर्वे और विद्यालयों की मरम्मत कार्य करेगा। पंचायती राज विभाग स्वामित्व योजना अंतर्गत पट्टे वितरित करेगा, जबकि चिकित्सा विभाग मातृ-शिशु स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और पीएमजेवाई कार्ड जारी करेगा। पशुपालन विभाग पशु स्वास्थ्य शिविर लगाएगा और ऊर्जा विभाग बिजली बिल व झूलते तारों से संबंधित शिकायतों का समाधान करेगा। त्यागी ने बताया कि इन शिविरों में कृषि विभाग की ओर से बीज किट वितरण, खाद्य विभाग की ओर से एनएफएसए प्रकरणों का निस्तारण और सामाजिक न्याय विभाग में पेंशन, पालनहार योजना व छात्रावास रखरखाव जैसे काम होंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग मातृत्व पोषण योजना लागू करेगा और आपदा प्रबंधन विभाग जनहानि व मकान क्षति के आवेदन स्वीकार करेगा। किस ग्राम पंचायत में कब लगेगा शिविर
17 सितंबर- पंचायत समिति लाडपुरा की ग्राम पंचायत रंगपुर एवं किशनपुरा तकिया, सुल्तानपुर की ग्राम पंचायत भाण्डाहेड़ा एवं चौमा मालियान, इटावा की ग्राम पंचायत बिनायका एवं गणेशगंज, सांगोद की ग्राम पंचायत खड़िया एवं कमोलर, कनवास की ग्राम पंचायत मामोर एवं बालूहेड़ा तथा खैराबाद की ग्राम पंचायत खैराबाद एवं गोयन्दा में शिविर लगेंगे। 18 सितंबर- पंचायत समिति लाडपुरा की ग्राम पंचायत काल्याखेड़ी एवं भंवरिया, सुल्तानपुर की ग्राम पंचायत रेल एवं सीमलिया, इटावा की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुरा एवं अयाना, सांगोद की ग्राम पंचायत विनोदखुर्द एवं कुंदनपुर, कनवास की ग्राम पंचायत खुराड़ एवं खजूरना तथा खैराबाद की ग्राम पंचायत सलावदखुर्द एवं असकली में शिविर लगेंगे। 19 सितंबर- पंचायत समिति लाडपुरा की ग्राम पंचायत अरण्डखेड़ा एवं बनियानी, सुल्तानपुर की ग्राम पंचायत भौंरा एवं गढेपान, इटावा की ग्राम पंचायत दुर्जनपुरा एवं अयानी, सांगोद की ग्राम पंचायत हींगी एवं किशनपुरा, कनवास की ग्राम पंचायत हिंगोनिया एवं झालरी तथा खैराबाद की ग्राम पंचायत रिछडिया एवं मण्डा में ग्रामीण सेवा शिविर लगेंगे।


