भास्कर न्यूज | लुधियाना 18 वर्षीय पावरलिफ्टर गुरनूर सिंह ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 83 किग्रा वेट कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। खिलाड़ी का बॉडीवेट 75 किलो है और उसने 400 किग्रा कुल वजन (टोटल) उठाकर सब-जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। इस खिलाड़ी ने करीब एक साल पहले कोच गुरप्रीत सिंह सोनी के अंडर ट्रेनिंग शुरू की थी। मेहनत, तकनीक और अनुशासन ने उसे जल्दी ही प्रतियोगी स्तर पर पहुंचा दिया। उसकी सफलता में कोच जगदीप सिंह ढिल्लों की भूमिका भी अहम रही है, जिन्होंने उसे इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म के लिए तैयार किया। परिवार का योगदान भी कम नहीं था। खिलाड़ी के चाचा ने उसकी पूरी ट्रेनिंग—शिक्षा, कोचिंग, सप्लीमेंट्स और ट्रैवल—सब कुछ स्पॉन्सर किया। थाईलैंड में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह युवक अब एशियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप को अपना अगला लक्ष्य बना रहा है।


