19 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क:नगर पालिका ने किया भूमि पूजन

आगर मालवा में मास्टर कॉलोनी स्थित रानी सती मंदिर के पास 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क का भूमि पूजन शनिवार को किया गया। नगर पालिका आगर द्वारा यह कदम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए उठाया गया है। भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, पूर्व विधायक मुरलीधर पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल और वार्ड पार्षद अजय जैन उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे। सभी अतिथियों ने निर्माण कार्य के शीघ्र शुरू होने पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल ने बताया कि मास्टर कॉलोनी क्षेत्र में सीसी सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से लंबित थी। बारिश के दौरान कीचड़ और आवागमन की समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने इसे प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि यह सड़क रानी सती मंदिर के श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों को भी बेहतर आवागमन सुविधा प्रदान करेगी। अध्यक्ष पटेल ने यह भी जानकारी दी कि इस क्षेत्र में अन्य सड़कों के निर्माण की योजना भी बनाई जा रही है। संबंधित सड़कों के लिए अनुमानित लागत (एस्टीमेट) तैयार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पूरे क्षेत्र में एक मजबूत और टिकाऊ सड़क नेटवर्क विकसित करना है। जनप्रतिनिधियों ने दोहराया कि नगर पालिका शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *