भास्कर न्यूज| सरायकेला नववर्ष के पहले रविवार को सरायकेला एवं आसपास के क्षेत्र में पिकनिक स्थलों पर खासा उल्लास देखने को मिला। प्रकृति की गोद में बसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मिर्गीचिंगडा इस दिन हंसी-खुशी और आपसी मेलजोल का केंद्र बना रहा। इसी क्रम में उड़िया मध्य विद्यालय, सरायकेला के वर्ष 1995 के पास आउट छात्रों ने अपने परिवारजनों के साथ यहां यादगार पिकनिक का आयोजन किया। करीब तीन दशक बाद फिर से एक साथ जुटे सहपाठियों ने न सिर्फ पुराने दिनों की यादें ताजा कीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों को सहेजने का संदेश भी दिया। पिकनिक का मुख्य थीम “अपने मां-बाप का आदर करना और समाज के प्रबुद्ध लोगों का सम्मान करना” रखा गया, जिसे पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मसात किया गया। इस थीम के तहत वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सौहार्द पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और बड़ों ने सामूहिक गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मिर्गीचिंगडा की खूबसूरती, बहती हवा और प्राकृतिक सौंदर्य ने आयोजन को और भी खास बना दिया। परिवारों के साथ आए प्रतिभागियों ने इसे आपसी रिश्तों को मजबूत करने का सशक्त माध्यम बताया। इस अवसर पर विजय पटनायक, जगबंधु आचार्य, सरोज महाराणा, मनी ज्योतिषी, राकेश महंती, राजीव मिश्रा, राजू पटनायक, सुमन धीर सामंत, गौतम ज्योतिषी, दीपू सारंगी, मुकेश नंद, सुशील कामिला, मानस नंद, दीपंकर दास, गोलक, शंकर सतपति, निताय तथा केदार सामल, अपने-अपने परिवार के साथ शामिल रहे। सभी ने सामूहिक रूप से नव वर्ष में सकारात्मक सोच, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया। ऐसे आयोजन न केवल पुरानी मित्रता को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को संस्कार, सम्मान और सामूहिकता का महत्व भी सिखाते हैं। नव वर्ष की यह शुरुआत सभी के लिए प्रेरणादायी और यादगार रही।


