भास्कर न्यूज| चाईबासा चक्रधरपुर रेल मंडल में ड्यूटी के दौरान ट्रैक मेंटेनर के मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गया है। जानकारी अनुसार चाईबासा पीडब्ल्यूआई के अंतर्गत पांड्राशाली और राजखरसवां के बीच रेलवे ट्रैक पर झाड़ी कटिंग का कार्य करते समय ट्रैक मेंटेनर लंका पुरती की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई है। यह हादसा रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। 45 साल के ट्रैक मेंटेनर लंका पुरती 301-17A/19A थर्ड लाइन पर डाउन दिशा में झाड़ी कटिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान डाउन लाइन से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक लंका पुरती झींकपानी थाना क्षेत्र के टुटुगुटू गांव के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी सावित्री पुरती, एक बेटी चांदमुनी पुरती (16 वर्ष) तथा दो पुत्र मनीष पुरती (14 वर्ष) और सावन पुरती (12 वर्ष) हैं। उनकी कुल पांच संतानें हैं, जिनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक ट्रैक मेंटेनर रेलवे ट्रैक पर अपनी जान गंवाते रहेंगे । उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कब तय होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष की शुरुआत में ही यह दर्दनाक घटना हुई है, जबकि पिछले एक वर्ष में 11 ट्रैक मेंटेनर शहीद हो चुके हैं।


