जिले में दो दिन में 38 हजार 284.20 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। राज्य शासन की ओर से 5 और 6 फरवरी को अतिरिक्त मौका देकर धान खरीदी का निर्णय लिया गया था। शुक्रवार को शाम 5 बजे जिला सहकारी बैंक से जारी रिपोर्ट के अनुसार एक लाख 48 हजार 284 किसानों से समर्थन मूल्य पर 70 लाख 39 हजार 179.60 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। 15 नवंबर से 30 जनवरी तक एक लाख 47 हजार 880 किसानों से कुल 70 लाख 895.60 क्विंटल धान खरीदी हुई थी। इस लिहाज से 5 और 6 फरवरी को 404 किसानों ने पहली बार धान बेचा। इसके अलावा पहले से धान बेच चुके किसानों को भी रकबा अनुसार उपज बेचने टोकन जारी हुआ था।


