कोंडागांव जिले में थप्पड़ के बदले सिर काट कर जंगल में फेंकने वाले दूसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 6 दिसंबर को 2 भाइयों ने मिलकर ग्राम बाड़ागांव के लछिन्दर पांडे को मारकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और फिर थैले में भरकर जंगल में फेंक आए थे। मामला विश्रामपुरी थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है मामूली बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था। लछिन्दर ने बड़े भाई को एक थप्पड़ मारा था। इसी बात से गुस्साए दोनों भाइयों ने उसकी हत्या की साजिश रची। घटना के दोनों आरोपी पकड़ा गए है। इसमें मुख्य आरोपी श्यामलाल नेताम ने हत्या की थी, फिर रामू नेताम संग मिलकर लाश को ठिकाने लगाया था। जंगल में मिली थी लाश पुलिस के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम चनाभर्री के जंगल में सिरकटी लाश मिली थी। मृतक की पहचान ग्राम बाड़ागांव निवासी लछिन्दर पांडे के रूप में हुई थी। मामूली विवाद के चलते उसकी निर्मम हत्या कर सिर धड़ से अलग कर दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी। कपड़े के आधार पर हुई थी पहचान अज्ञात शव मिलने की सूचना पर विश्रामपुरी थाने में मर्ग क्रमांक 65/2025 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। शव का सिर गायब होना प्रथम दृष्टया हत्या की ओर इशारा कर रहा था। घटनास्थल की बारीकी से जांच और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ के बाद कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान लछिन्दर पांडे के रूप में की गई। विवाद के बाद से लापता था जांच के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि मृतक का विश्रामपुरी साप्ताहिक बाजार में श्यामलाल नेताम और रामू नेताम से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह लापता था। संदेह के आधार पर श्यामलाल नेताम को तलब कर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने छोटे भाई रामू नेताम के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। बाइक में बिठाकर जंगल ले गया, वहां मारा आरोपी श्यामलाल ने बताया कि 3 दिसंबर 2025 को साप्ताहिक बाजार में फिर झगड़ा होने के बाद वह मृतक को बाइक से चनाभर्री के जंगल ले गया, जहां टंगिया से वार कर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए उसने सिर को धड़ से अलग कर कुरूभाठ के तालाब के पास छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक का सिर और हत्या में प्रयुक्त टंगिया बरामद कर ली थी। घटना के बाद से फरार चल रहे दूसरे आरोपी रामू नेताम (उम्र 24 वर्ष, निवासी कुररूभाठ) को पुलिस ने 24 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


