अशोकनगर जिले के शाढौरा थाना क्षेत्र के खैजरा अटारी गांव में हुई डकैती के मामले में सोमवार को दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 2 लाख रुपए का सोना भी बरामद किया गया है। अन्य बदमाशों और लूटे गए माल की तलाश जारी है। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी मिथुन कंजर (25) पुत्र गौतम कंजर और हरदौल कंजर (27) पुत्र रूप सिंह कंजर को पकड़ा। ये दोनों चिंता का डेरा, ग्राम विरयाई, थाना कुंभराज के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये लूटा गया माल बेचने के लिए जा रहे थे। यह डकैती 4 नवंबर को हुई थी, जिसकी रिपोर्ट फरियादी महेंद्र यादव पुत्र भगवान सिंह यादव ने दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने एसडीओपी विवेक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया था। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का नकद इनाम भी घोषित किया गया था। विशेष जांच टीम ने विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हरदौल कंजर, मिथुन कंजर और रमेश गुर्जर पुत्र धीरज सिंह गुर्जर सहित अन्य व्यक्तियों को अपराध में शामिल होने के लिए चिह्नित किया था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गुना, अशोकनगर और अन्य स्थानों पर लूट और डकैती जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस टीम प्रकरण के अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिकरवार, मनीष चौहान, उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा, पुनीत दीक्षित, पूनम सेलर, संध्या रघुवंशी, मसीह खान, एएसआई संजय गुप्ता, विनोद तिवारी, उपनिरीक्षक अरविंद कछवाहा, हरवीर रघुवंशी, एएसआई गजराज सिंह भील, अभिजीत साइबर सेल, प्रधान आरक्षक जितेंद्र रघुवंशी, विजय रघुवंशी, आरक्षक उमेश खटीक और थाना शाढौरा के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


