छत्तीसगढ़ में गर्मी के इस सीजन में पहली बार 2 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। बुधवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। यहां पारा 41 डिग्री रहा। वहीं बिलासपुर और मुंगेली में पारा 39 डिग्री के पार रहा। जबकि रायपुर, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ भी गर्म रहे। रायपुर, बिलासपुर और दंतेवाड़ा समेत 8 जिलों का तापमान 38 डिग्री के पार चला गया है। ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिन प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। दिन और रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। रायपुर में 40 डिग्री पहुंच सकता है पारा राजधानी में गर्मी फिर से बढ़ने लगी है। दिन का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है। बुधवार को दिन का तापमान 38.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री रहा। यह नॉर्मल से 0.2 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2-3 दिन तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। आज दिन का टेम्प्रेचर 40 और रात का पारा 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। बिलासपुर में पारा 39 डिग्री पहुंचा बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में दिन का तापमान 36.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री रहा जो नॉर्मल टेम्प्रेचर से 2.4 डिग्री कम रहा। अंबिकापुर में दिन का पारा सामान्य से ज्यादा यहां भी दिन का तापमान लगातार बढ़ने लगा है। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री पहुंच गया। जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम था। राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म दुर्ग संभाग का राजनांदगांव जिला प्रदेश में सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री के रिकार्ड किया गया। और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा । वहीं दुर्ग में दिन का तापमान 35.5 डिग्री रिकार्ड किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा । जगदलपुर में टेम्प्रेचर 36 डिग्री के पार बस्तर संभाग के जिलों में आज मौसम साफ रहेगा। संभाग के जिलों में लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा।


