‘’मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान’’ अंतर्गत जिले की ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। सरकार की चिह्नित हितग्राही मूलक योजनाओं में शतप्रतिशत सैचुरेशन और लक्ष्य आधारित योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए 11 दिसंबर से 26 जनवरी तक कलेक्टर डॉ सतेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में जिले में ‘’मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान’’ संचालित किया जा रहा है। जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया जा रहा हैं। इसी क्रम में चांचौड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बापचा लहरिया, मांगरौन, बरखेड़ीमाफी और चीतोड़ा में आयोजित शिविर में कुल 238 आवेदन प्राप्त किए गए। बमोरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रत्नागिल, कोहन, पाठी और झागर पंचायत में कुल 266 आवेदन प्राप्त किए गए। गुना ब्लॉक की ग्राम पंचायत उकावद, गोपालपुरा, बरखेड़ा गिर्द और गोपालपुरा टकटैया पंचायत में 219 आवेदन प्राप्त हुए। राघोगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत सौरामपुरा, सकतपुर, दुहावद और दावतपुरा पंचायत में आयोजित शिविरों में 182 आवेदन प्राप्त हुए। आरोन ब्लॉक की ग्राम पंचायत करैया, पाटन, रूसल्लीकला पंचायतों में आयोजित शिविरों में 131 आवेदन प्राप्त हुये। शहरी क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल 150 और ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में लगभग कुल 1086 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर डॉ सतेन्द्र ने विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में आए हितग्राहियों को लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें। कोई भी हितग्राही छूटना नहीं चाहिए। साथ ही शिविरों की मॉनिटरिंग भी बारीकी से की जाए। अभियान अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निराकरण सीमा में कर उसकी एंट्री पोर्टल पर किया जाना सुनिश्चित करें। जिले स्तर से अधिकारियों को इस काम की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।


