20 मिनट रुका रहा ट्रैफिक:विधानसभा के सामने खंभे से टकराई पिक-अप, तार गिरे, बड़ा हादसा टला

भोपाल में अरेरा हिल्स स्थित नई विधानसभा के सामने मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अमूल दूध सप्लाई करने वाली एक पिक-अप वैन ने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे में इतनी जोरदार टक्कर मार दी कि दोनों पोल बुरी तरह मुड़कर यू-शेप में झुक गए। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खंभों से जुड़ी बिजली लाइन टूटकर सीधे सड़क पर आ गिरी। घटना के समय विधानसभा मार्ग पर आवाजाही सामान्य थी। तार गिरते ही वहां से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीर अचानक रुक गए। करंट फैलने की आशंका से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। एहतियातन दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली कंपनी को सूचना दी।
तार में 440 वोल्ट करंट था पर सप्लाई बंद होने से नहीं फैला मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के साउथ डिवीजन के डीजीएम राकेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट संबंधित थाने में दर्ज कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर गिरी लाइन एलटी (लो टेंशन) यानी निम्न दाब की एरियल बंच केबल थी, जिसमें घरों तक लगभग 440 वोल्ट का करंट प्रवाहित होता है। सुरक्षा तंत्र के तहत लाइन टूटने या फॉल्ट होने पर बिजली सप्लाई स्वतः बंद हो जाती है, इसलिए सड़क पर करंट फैलने की कोई गुंजाइश नहीं थी। घटना के बाद बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त खंभा हटाने, लाइन को सुरक्षित करने और वैकल्पिक सप्लाई बहाल करने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने मार्ग पर यातायात सामान्य कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वैन चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे हादसा हुआ। वाहन जब्त कर चालक से पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *