सवाई माधोपुर जिला पुलिस ने कुख्यात 20 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। राजेश मीणा उर्फ भूत पुत्र धर्म सिंह मीणा, निवासी खण्डीप थाना वजीरपुर, को पुलिस की विशेष टीम ने अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक दर्जन से अधिक संगीन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। गंभीर मामलों में चल रहा था फरार SP अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि राजेश मीणा उर्फ भूत पर हत्या के प्रयास, फायरिंग, अपहरण, मारपीट, लूट एवं आर्म्स एक्ट सहित अनेक गंभीर अपराध दर्ज हैं।जिनमें 18 फरवरी को नेहरू मीणा पर पिलोदा थाना क्षेत्र में फायरिंग कर कुल्हाड़ी से हमला करना, 5 फरवरी को गंगापुर सिटी से करौली जाते समय कुंड गांव थाना क्षेत्र में गोविन्द मीणा पर फायरिंग करना,31 मई 2024 को बालाघाट थाना क्षेत्र में अमित मीणा का जबरन अपहरण कर मारपीट की गई तथा परिजनों से फिरौती मांगी गई। इसी तरह 01 दिसंबर को गंगापुर सिटी में हुई फायरिंग की घटना में आरोपी ने बदमाश कृष्णा बासरोटा को हथियार उपलब्ध कराए थे। इस पर थाना मानटाउन में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं आरोपी के खिलाफ जयपुर, वजीरपुर, गंगापुर सिटी, श्री महावीरजी, दौसा सहित विभिन्न थानों में साल 2014 से 2022 के बीच दर्ज अनेक मामलों में कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुए हैं। राजेश मीणा पर जिला सवाई माधोपुर एवं जिला करौली पुलिस की ओर से कुल 20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। यूं चढ़ा पुलिस के हत्थे SP बेनीवाल के निर्देश पर थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम को सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद में अपने किसी रिश्तेदार के पास छिपा हुआ है।पुलिस टीम ने लगातार निगरानी रखते हुए पता लगाया कि आरोपी भेष बदलकर जूस के ठेले पर काम कर रहा है। कड़ी मेहनत और सघन तलाश के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि फरारी के दौरान आरोपी कपड़े चोरी करने एवं भेड़-बकरियां चोरी कर जीवन यापन करता था।


