भास्कर न्यूज | जांजगीर एंटी करप्शन ब्यूरो की बिलासपुर टीम ने धराशिव-पुटपुरा हल्का नंबर 19 में पदस्थ पटवारी बालमुकुंद राठौर को गुरुवार की दोपहर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी पटवारी ने किसान से जमीन के खाता दुरुस्ती और ऋण पुस्तिका से नाम विलोपन के लिए रिश्वत मांगी थी। जांजगीर की चंदनिया पारा बस्ती के निवासी सत्येंद्र कुमार राठौर की पुटपुरा गांव में 4.40 एकड़ पुश्तैनी जमीन है। इस भूमि पर पूर्व में शिकायतकर्ता की बुआओं के नाम भी ऋण पुस्तिका में दर्ज थे। लेकिन बुआओं द्वारा स्वेच्छा से भूमि से अपने हक का त्याग कर देने के बाद सत्येंद्र ने उनके नाम ऋण पुस्तिका से हटाने के लिए राजस्व विभाग में आवेदन दिया। पटवारी बालमुकुंद राठौर ने नाम हटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 20000 रुपए की रिश्वत मांगी। इस पर सत्येंद्र राठौर ने बिलासपुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे, शिकायतकर्ता सत्येंद्र पटवारी कार्यालय पहुंचा और कैमिकल लगे 20000 रुपए के नोट आरोपी पटवारी को सौंपे। जैसे ही पटवारी ने पैसे स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने तत्काल छापा मारकर पटवारी बालमुकुंद राठौर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जेल भेजा, पुराने दस्तावेज की हो रही जांच एसीबी थाना प्रभारी योगेश कुमार राठौर ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। साथ ही पटवारी कार्यालय में रखे गए दस्तावेजों और जमीन संबंधित पुरानी फाइलों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी की संलिप्तता अन्य मामलों में भी रही है या नहीं।


