छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में बुजुर्ग भाई बहन की हत्या कर दी गई थी। इसमें पुलिस मामले में जांच कर रही थी। जहां झांसी के आरपीएफ के सहयोग से रायगढ़ पुलिस ने 2 युवक समेत 1 युवती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी के नीयत से घर में घुसे थे। इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि 12-13 जनवरी की रात पुरानी हटरी निवासी सीताराम जयसवाल 78 साल व उसकी बहन अन्नपूर्णा जायसवाल 68 वर्ष का शव उनके घर के आंगन में मिला था। मामले की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की और पुलिस की अलग अलग 4 टीम बनाई गई। इसके बाद पुलिस मामले की सभी पहलुओं पर जांच कर रही थी और एक टीम घटनास्थल व शहर के करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपी किशन शर्मा और अतुल डनसेना की पहचान की गई। आरोपी गोंडवाना ट्रेन से भागे
पुलिस से बचने 18 जनवरी को चांदमारी निवासी आरोपी किशन शर्मा 25 साल ने कोतरा हीरापुर में रहने वाली अपनी मंगेतर दिव्या सारथी 20 साल व इंदिरा नगर निवासी अतुल डनसेना 23 साल के साथ गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली फरार हो गए थे।
झांसी की आरपीएफ बल ने पकड़ा
पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी के लिए उनके फोटो सीमावर्ती जिलो की पुलिस व आरपीएफ को भेजा था। ताकि उनकी धड़पकड़ की जा सके। ऐसे में झांसी आरपीएफ द्वारा आरोपियों की पहचान की और गोंडवाना एक्सप्रेस से उन्हें नीचे उतारा गया। इसके बाद रायगढ़ पुलिस को जानकारी दी गई। तब पुलिस झांसी पहुंची और उन्हें रायगढ़ लाया गया।
घर में बड़ी रकम रखने की आंशका थी
पुलिस ने जब आरोपियों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि किशन शर्मा के मौसा का अशोक जयसवाल से पहचान होने के कारण उसे पता चला था कि अशोक ने जमीन बिक्री की है और आशंका थी कि उस बड़ी रकम को अशोक ने अपने ममेरे भाई सीताराम जयसवाल के पुरानी हटरी वाले घर में रखा है।
प्रेमिका के घर में आरोपी ने चोरी की योजना बनाई
तब किशन ने उनके परिवार के शगुन डेयरी में काम करने वाले अतुल डनसेना को हत्या कर रूपए चोरी करने का प्लान बताया। घटना के तीन दिन पहले प्रेमिका दिव्या सारथी के हीरापुर के किराए के मकान में तीनों ने मिलकर हत्या और चोरी की योजना बनाई। इसके बाद दोनों किशन और अतुल ने मास्क और ग्लव्स खरीदे और एक लोहे का सब्बल को दिव्या के गृह ग्राम धनगांव से लेकर आए और दिव्या के किराए के मकान पर रख दिए।
स्टोर रूम में छिप गए आरोपी
प्लान के मुताबिक दोनों आरोपी 12 जनवरी की रात दिव्या के मकान से मोटरसाइकिल में सवार होकर पुरानी हटरी आए। इसके बाद मोटरसाइकिल को खड़ी कर रात में सीताराम जयसवाल के घर के पास पहुंचे। जहां सूनसान होने से अतुल डनसेना दीवाल फांदकर अंदर गया और आंगन का मुख्य दरवाजा खोला। तब किशन दरवाजे से भीतर आया। घर के अंदर अशोक जायसवाल, सीताराम उसकी दोनों बहने मौजूद थे। तब दोनों आरोपी स्टोर रूम में छिप गए।
लोहे के सब्बल व ईंट से वार किया
अशोक और गीता के खाना खाकर जाने के बाद आरोपियों ने अन्नपूर्णा जायसवाल पर लोहे के सब्बल और ईंट से वार कर दिया। अन्नपूर्णा की चीख सुनकर सीताराम बाहर निकला। जिसे भी दोनों आरोपियों ने सब्बल, ईंट से मारपीट कर उनकी हत्या कर दिए। आरोपियों ने घर में रुपए तलाश किए, पर रूपए नहीं मिला, तो वापस बाहर आए और वापस दिव्या के घर पहुंचे।
स्टेशन के पार्किंग से बाईक व मोबाईल जब्त
इसके बाद शहर में पुलिस की जांच देखकर 18 जनवरी को तीनों पुलिस पकड़ से बचने ट्रेन फरार हो गए थे। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी मोटर साइकिल स्प्लेंडर प्लस तथा घटना समय पहने हुए कपड़ा, मास्क, ग्लव्स और 03 मोबाइल को जब्त किया है। ———————————- संबंधित खबर पढ़ें… घर में घुसकर भाई-बहन का मर्डर…ईंट से कुचला सिर:रायगढ़ में घर के आंगन में लहूलुहान मिले शव, दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सिर कुचलकर बुजुर्ग भाई-बहन की हत्या कर दी गई। घर के आंगन में दोनों की खून से सनी लाश मिली है। दोनों के सिर पर चोट के गंभीर निशान मिले हैं। बताया जा रहा है कि ईंट से कुचलकर मारा गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी हटरी इलाके का है। पूरी खबर पढ़े…


