काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) बोर्ड की ओर से 2027 में होने वाली 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 6 नए विषय जोड़े गए हैं। 12वीं में 5 नए विषय (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, अप्लाइड मैथेमेटिक्स, मॉडर्न इंग्लिश और भूटिया लैंग्वेज) हैं। वहीं, 10वीं में एक विषय भूटिया लैंग्वेज को जोड़ा गया है। सीआईएससीई बोर्ड की ओर से 2027 में होने वाली 10वीं व 12वीं परीक्षा के लिए सिलेबस व रेगुलेशन जारी किया गया है। इसमें कई विषयों के लिए संशोधित सिलेबस हैं। साथ ही कुछ नए नियम भी शामिल किए गए हैं। संत जेवियर्स स्कूल, डोरंडा के प्रिंसिपल फादर फुलदेव सोरेंग ने बताया कि काउंसिल की ओर से 2027 की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए सिलेबस व रेगुलेशन जारी किए गए हैं। इससे छात्रों को लाभ मिलेगा। शिक्षक सिलेबस से संबंधित प्लानिंग कर सकेंगे। नए विषयों के जुड़ने से छात्रों को अधिक विकल्प मिलेंगे। इन विषयों के सिलेबस में हुआ संशोधन नए रेगुलेशन के अनुसार, 12वीं कक्षा के 12 विषयों के सिलेबस में संशोधन किया गया है। इसमें मैथ्स, इलेक्टिव इंग्लिश, बायोलॉजी, कॉमर्स, अकाउंटेंसी, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस, सोशियोलॉजी, साइकोलॉजी, केमेस्ट्री, फिजिक्स, लीगल स्टडीज हैं। वहीं, 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 10 विषयों के लिए संशोधित सिलेबस जारी किए गए हैं। इसमें हिस्ट्री व सिविक्स, जियोग्राफी, केमेस्ट्री, इकोनॉमिक्स, इकोनॉमिक एप्लीकेशन, कमर्शियल स्टडीज, असमी, मराठी, रोबोटिक्स व एआई शामिल हैं। बाकी विषयों के सिलेबस में संशोधन नहीं किया गया है। रिजल्ट में अब मिलेगा एक ही डॉक्यूमेंट 2027 से रिजल्ट के डॉक्यूमेंट में अंकित होगा क्वालिफाइड या नॉट क्वालिफाइड 2027 में होने वाले 10वीं व 12वीं के रिजल्ट डॉक्यूमेंट में भी बदलाव नजर आएगा। जिसके अनुसार, दो रिजल्ट डॉक्यूमेंट की जगह एक डॉक्यूमेंट दिया जाएगा। पहले दो रिजल्ट डॉक्यूमेंट स्टेटमेंट ऑफ मार्क्स और पास सर्टिफिकेट दिए जाते थे। अब परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को पास सर्टिफिकेट कम स्टेटमेंट ऑफ मॉर्क्स नाम से एक डॉक्यूमेंट ही दिए जाएंगे। डॉक्यूमेंट में पास सर्टिफिकेट अवार्डेड (पीसीए) और पास सर्टिफिकेट नॉट अवार्डेड की जगह क्वालिफाइड और नॉट क्वालिफाइड अंकित किया जाएगा। सीआईएससीई बोर्ड 2025 : 12वीं में इंग्लिश पेपर वन की परीक्षा आज काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई)-2025 12वीं बोर्ड की परीक्षा शुरू हो गई है। इसके तहत शुक्रवार को इंग्लिश पेपर वन की परीक्षा होगी। परीक्षा के लिए रांची जोन के कुल 10 स्कूलों में परीक्षा केंद्र होंगे। रांची में 8 स्कूलों, हजारीबाग के एक और खूंटी में एक स्कूल में परीक्षा केंद्र होगा। परीक्षा होम सेंटर पर होगी। रांची जोन से 12वीं क्लास में कुल 943 स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा तीन घंटे की होगी, जो दोपहर दो बजे से शुरू होगी। वहीं, 10वीं बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू होगी। पहले दिन इंग्लिश पेपर वन की परीक्षा होगी।


