विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष व अटेर विधायक हेमंत कटारे ने भिंड में कहा कि अगर 2028 में कांग्रेस सरकार नहीं बनी, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा कि राजनीति से मेरा कोई निजी स्वार्थ नहीं है, बल्कि मैं पूरी निष्ठा से पार्टी को सत्ता में लाने के लिए संघर्ष कर रहा हूं। वे मंगलवार को भिंड जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने 27 जनवरी को महू में होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर कांग्रेसियों से बातचीत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो भी बस या गाड़ी लेकर रैली में शामिल हों, वे उसकी तस्वीर उन्हें अनिवार्य रूप से भेजें। बोले- आठ दिनों से बस या ट्रेन में नींद ले रहा
कटारे ने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है, तो कार्यकर्ताओं का मान-सम्मान बरकरार रहेगा। कटारे ने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वे पूरी मेहनत कर रहे हैं और इसी कारण वे कई बार फोन नहीं उठा पाते। उन्होंने कहा, आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन मैं पिछले आठ दिनों से बिस्तर पर नहीं सोया हूं। मेरी नींद बस या ट्रेन में पूरी हो रही है। भाजपाइयों को मौका मिलेगा तो मुझे छोड़ेंगे नहीं
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं से मेरी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। वे मुझसे मिलते हैं, चाय पीते हैं, सम्मान करते हैं, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिलेगा, वे मेरा नुकसान जरूर करेंगे। जब कांग्रेस सत्ता में आएगी, तो कार्यकर्ताओं का स्वाभिमान और सम्मान भी वापस आएगा। बैठक में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मान सिंह कुशवाह, गोहद विधायक केशव देसाई, राहुल भदौरिया (मेहगांव), बैजनाथ कुशवाह, संजय राठौर, रेखा भदौरिया और अंकित तोमर समेत कई अन्य कार्यकर्ता मौजदू रहे।


