भास्कर न्यूज |गुमला शहर के लोहरदगा रोड स्थित जन विकास ट्रस्ट द्वारा संचालित निराला हॉस्पिटल में आयोजित दो दिवसीय मोतियाबिंद शिविर सफलता पूर्वक सम्पन्न हो गया। शिविर में 203 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई। जिसमें 57 मरीजों को जांच के बाद मोतियाबिंद से ग्रसित पाया गया। इसके बाद शिविर में मुख्य रूप से सेवा दे रहे चेन्नई के डॉ. समीर कुमार व रांची की चिकित्सक नीलू कुमारी के द्वारा सभी मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन सह लेंस प्रत्यारोपण किया गया। साथ ही मरीजों को निःशुल्क कम्बल, खाना, चश्मा व दवा का वितरण किया गया। इसके अलावा शिविर में विदेशी लेंस, आंसू की थैली व आंखों के पर्दे संबंधित आंख से जुड़े अन्य रोगों का इलाज उपरोक्त दोनों डॉक्टरों के द्वारा किया गया।


