24 घंटे में नशा तस्करी के आरोप में 3 महिलाओं समेत 15 को पकड़ा

भास्कर न्यूज | लुधियाना नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस ने 3 महिलाओं समेत 15 लोगों को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनसे 211 ग्राम हेरोइन व 1.500 किलोग्राम अफीम व 15 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों पर पहले भी नशा तस्करी के कई-कई मामले दर्ज हैं। बता दें कि लुधियाना पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम में पुलिस धरपकड़ के शतक के करीब पहुंच चुकी है। कुल मिलाकर अब तक पुलिस 94 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले मामले में सीआईए-3 की पुलिस टीम ने गांधी नगर के रहने वाले एक्टिवा सवार सूरज को काबू किया है। उससे 15 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। दूसरे मामले में सीआए-1 की पुलिस टीम ने अयाली कलां निवासी हरविंदर सिंह उर्फ गोगी व गुरू अंगद देव कॉलोनी निवासी जरनैल सिंह को काबू किया है। इन दोनों से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। दोनों आरोपियों पर पहले भी मामले दर्ज हैं। आरोपी हरविंदर सिंह गोगी पर नशा तस्करी के 7 मामले दर्ज हैं। वह अक्तूबर 2024 में जेल से जमानत पर छूटा है, जबकि उसके साथी जरनैल सिंह पर भी 5 मामले दर्ज हैं और वह साल 2023 में जेल से जमानत पर बाहर आया था। तीसरे मामले में थाना जमालपुर की पुलिस टीम ने एक्टिवा सवार को काबू किया। आरोपी का नाम साइमन पोल है, वह ताजपुर रोड का रहने वाला है। उससे 26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। उसके खिलाफ भी पहले से मामले दर्ज हैं। चौथे मामले में थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने भगत सिंह कॉलोनी के रहने वाले पवन कुमार को काबू कर उससे 10 ग्राम हेरोइन बरामद की। पांचवां मामले में थाना टिब्बा की पुलिस ने न्यू पंजाबी बाग, टिब्बा रोड की रहने वाली महिला सीमा रानी को काबू किया। उससे 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उधर, दूसरी तरफ शुक्रवार को लुधियाना पुलिस ने आदर्श नगर, डाबा में भी सर्च ऑप्रेशन चलाया। इसमें संदिग्धों व पुराने तस्करों के घरों की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस टीम ने 2 महिलाओं समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया। उनसे 60 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। सीआईए-2 की पुलिस टीम ने झारखंड से अफीम की डिलीवरी देने आए आरोपी को काबू किया। उससे 1.500 किलोग्राम अफीम व 15 हजार रुपए ड्रग मनी बरामद की गई। आरोपी का नाम विपन कुमार यादव है, वह गांव तितलांगी, थाना पिपरा टांड, जिला पोलामो, झारखंड का रहने वाला है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एडीसीपी अमनदीप बराड़ ने बताया कि आरोपी को सीआईए-2 के इंचार्ज बिक्रमजीत सिंह घुम्मन व उनकी टीम ने काबू किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी झारखंड से अफीम की सप्लाई करने आता है। वह अफीम सप्लाई करने के बाद वापस झारखंड चला जाता है। पता चलने पर बिक्रमजीत व उनकी टीम ने ट्रैप लगाया और आरोपी को काबू किया। आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से झारखंड से लुधियाना में अफीम की सप्लाई कर रहा है। सप्लाई करने के बाद वह वापस झारखंड चला जाता है। बराड़ का कहना है कि आरोपी को शनिवार अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। आरोपी लुधियाना में किसे अफीम की डिलीवरी देने आता था। इस बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। नाम सामने आने के बाद आरोपी को भी नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *