भास्कर न्यूज | लुधियाना फोकल पॉइंट के उद्योगों के लिए लागू हुई वन-टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना से उन्हें बड़ी राहत मिली है। एसोसिएशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यूनिट्स (एटीआईयू) के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने इस योजना को साकार करने में अहम भूमिका निभाने के लिए सांसद संजीव अरोड़ा का विशेष धन्यवाद किया। बैठक में एटीआईयू के कार्यकारी सदस्यों ने पंजाब सरकार द्वारा बकाया भुगतान पर केवल 8% साधारण ब्याज तय करने के फैसले को उद्योगों के लिए साहसिक कदम बताया। पंकज शर्मा ने कहा कि यह मुद्दा पिछले 20 वर्षों से लंबित था और इसे हल कराने के लिए एटीआईयू ने लगातार प्रयास किए। उन्होंने बताया कि इस योजना से विस्तार परियोजनाओं में रुके उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी। हालांकि, शर्मा ने प्लॉट आवंटन की मूल दर को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब प्लॉट आवंटित हुए थे, तब दर 100 रुपए प्रति वर्ग गज से भी कम थी, लेकिन अब इसे 460 रुपए प्रति वर्ग गज कर दिया गया है, जिससे उद्योगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। साथ ही, उन्होंने सरकार द्वारा प्लॉट निरस्तीकरण की नीति को अनुचित बताया और कहा कि 20 वर्षों से उत्पादन कर रही इकाइयों को गैर-उत्पादन के आधार पर नोटिस भेजा जाना अन्यायपूर्ण है। इसके अलावा, पीएसआईईसी द्वारा सर्कल रेट बढ़ाने और विक्रेता से स्थानांतरण शुल्क का 50% वसूलने के नए आदेश पर भी आपत्ति जताई गई। एटीआईयू ने इसे तुरंत वापस लेने की मांग की है, क्योंकि इससे फोकल पॉइंट की संपत्तियों का लेनदेन ठप हो गया है और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।


