बैकुंठपुर | कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में जनजातीय समाज पर कथित हमलों, जबरन शव दफनाने और प्रदेश में बढ़ते सुनियोजित सामाजिक विभाजन के विरोध में 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। इसी कड़ी में कोरिया जिले के बैकुंठपुर नगर में भी सर्व समाज नगर बंद रखेगा। सर्व हिन्दू समाज कोरिया की ओर से एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। 24 दिसंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। आयोजकों ने आम नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से बंद को शांतिपूर्ण बनाने की अपील की है। इसके साथ ही 24 दिसंबर दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक नगर पालिका कॉम्प्लेक्स, बैकुंठपुर में धरना-सभा का आयोजन होगा। धरना-सभा के माध्यम से जनजातीय समाज के साथ हो रही कथित घटनाओं पर विरोध दर्ज कराया जाएगा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग उठाई जाएगी। धरना-सभा के बाद प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगा।


