अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए 10 दिन तक सभी सफारी बुकिंग फुल हो चुकी हैं। क्रिसमस डे यानी 25 दिसंबर से 3 जनवरी तक के लिए पर्यटकों के सफारी बुक कराने से ऑनलाइन व ऑफलाइन बुकिंग फुल हो गई है। बुकिंग पूरी होने के बाद वन प्रशासन और टूरिज्म विभाग एक्स्ट्रा कैंटर और एक्स्ट्रा गाड़ियों की व्यवस्था में जुटा हुआ है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटकों को सफारी का अवसर दिया जा सके। बताया जा रहा है कि पिछले न्यू ईयर की तुलना में इस बार नए वर्ष और दिसंबर महीने में सफारी बुकिंग व सफारी की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने के पीछे लगातार टाइगर और टाइग्रेस की साइटिंग को बड़ा कारण माना जा रहा है। व्यवस्थाएं सुचारू बना रहा विभाग
टूरिज्म के रेंजर हेमेन्द्र सिंह ने बताया- वन विभाग और टूरिज्म विभाग की ओर से सफारी संचालन, ट्रैक मैनेजमेंट और पर्यटक गतिविधियों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे व्यवस्थाएं सुचारू बनी हुई हैं। सरिस्का में बढ़ती सफारी बुकिंग और पर्यटकों की आमद यह संकेत दे रही है कि संगठित प्रयासों और सतत निगरानी से सरिस्का टाइगर रिज़र्व पर्यटन के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।


