नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जोनल डायरेक्टर की टीम ने 24 हजार नशीली गोलियों सहित पकड़े गए दुकानदार नवीन को एक दिन का रिमांड खत्म होने पर रविवार के दिन कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपी को सीधे जेल भेज दिया गया है। एनसीबी की ओर से रिमांड के दौरान मास्टरमाइंड नवीन से पूछताछ में उसने 7 लोगों के नाम बताए हैं। जिसमें से 4 युवक सिटी के रहने वाले हैं और 3 बाहरी जिलों के हैं। इस खुलासे के बाद एनसीबी की टीम ने उक्त आरोपियों को काबू करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। कोर्ट में पहुंचे एसीबी के आईओ ने कहा कि आरोपी नवीन का एक दिन का रिमांड मिला था। अब उसे जेल भेज रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने जानकारी देने से मना कर दिया। सूत्रों के मुताबिक सिटी के जो 4 लोगोंे के नाम सामने आए हैं वह दुकानदार हैं। एनसीबी की टीम ने अब पूरी तैयारी कर ली है। यह एक बड़ा कार्टेल है। एनसीबी की टीम एक सप्ताह में इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ कर सकती है। बता दें कि एक सप्ताह में एनसीबी ने इस मामले में 60 हजार नशीली गोलियों को बरामद करते हुए मास्टरमाइंड नवीन सहित 5 तस्करों को काबू कर जेल भेज चुकी है। सिटी में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जोनल डायरेक्टर की टीम सतर्क हो गई है। नशे के कारोबार करने वालों पर नजर रखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। जो काम सिटी की पुलिस को पहले ही करना चाहिए था, अब सेंटर की एजेंसी कर रही हैं। सिटी में नशे के बढ़ते कारोबार को देखते हुए एनसीबी के जोनल डायरेक्टर ने अलग-अलग टीमे गठित कर दी है। पुराने नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए रिकार्ड हासिल करते हुए जांच में एनसीबी जुट गई है। आगे ओर भी खुलासे होने की संभावना है


