पट्टी शहर का गलियों और बाजारों में कई जगह बिजली की तारों के जाल लटके हुए हैं। पावरकॉम विभाग शहर में लटकती बिजली लाइनों की मरम्मत पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। बिजली की खुली लाइनें लोगों के घरों के काफी करीब से गुजर रही हैं। इसके अलावा अधिकतर पोल जाल से ढके हुए हैं। पट्टी शहर और आसपास के इलाकों में बिजली की लाइनें नीचे लटक रही हैं। इससे हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन पावरकॉम अधिकारी इससे कोई सबक नहीं ले रहे हैं। क्षेत्र में वाहनों की टक्कर से बिजली लाइन टूटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। कई स्थानों पर बिजली के बक्से भी खुले पड़े हैं। कई कॉलोनियों व गलियों में बिजली के खंभे घरों के बिल्कुल नजदीक लगे हुए हैं। बिजली की लाइनें पहली मंजिल की बालकनी से थोड़ी दूरी पर हैं। हल्की सी हवा चलने पर बिजली के तार बालकनी की ग्रिल से छू जाते हैं। लोगों ने बताया कि घरों के पास से गुजर रही बिजली की तारों के बारे में कई बार पावरकॉम अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शहर में कॉलेज रोड़ पर सड़क के ऊपर ही बिजली का ट्रांसफार्म रखा हुआ है, जो कि खतरे की घंटी है, उस स्थान पर कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बिजली की तारों की समस्या का हल किया जाए।


