25 रुपए के लिए टोल कर्मचारियों से भिड़ीं भाजपा नेत्रियां:एक तरफ से जाने पर काटे पैसे; दो घंटे बाद लौटने पर फिर मांगा टोल

गुना के बजरंगगढ़ इलाके में स्थित टोल नाके पर रविवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब टोल टैक्स को लेकर भाजपा की महिला नेत्रियां टोल कर्मचारियों से भिड़ गईं। नियम और कानून को लेकर हुई इस बहस का वीडियो सामने आया है। 25 रुपए बना विवाद की वजह यह पूरा मामला महज 25 रुपए का था, लेकिन मुद्दा टोल नियमों के पालन का था। रविवार दोपहर गुना के नजदीक स्थित बजरंगगढ़ टोल प्लाजा अचानक राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया। टोल पर हुए हंगामे को देखकर राहगीर भी रुककर तमाशा देखने लगे। भंडारे में शामिल होने जा रही थीं महिला नेत्रियां जानकारी के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष वंदना मांडरे सहित कई महिला नेत्रियां सेमरी स्थित हनुमान मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रही थीं। इस दौरान उन्होंने बजरंगगढ़ टोल प्लाजा पर 25 रुपए टोल टैक्स अदा किया। दो घंटे बाद लौटने पर फिर मांगा टोल मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब करीब दो घंटे बाद गुना लौटते समय टोल कर्मियों ने दोबारा 25 रुपए की मांग कर दी। इसी बात को लेकर महिला नेत्रियों ने आपत्ति जताई और टोल नियमों का हवाला देते हुए विरोध शुरू कर दिया। महिला नेत्रियों का कहना था कि टोल नियमों के अनुसार यदि कोई वाहन 24 घंटे के भीतर वापस लौटता है, तो दोबारा टोल टैक्स नहीं लिया जा सकता। इसके बावजूद जबरन वसूली की जा रही है, जो नियमों के खिलाफ है। करीब आधे घंटे तक चला विवाद टोल कर्मचारियों और भाजपा महिला नेत्रियों के बीच करीब 30 मिनट तक तीखी नोकझोंक होती रही। बहस इतनी तेज हो गई कि मामला हंगामे में बदल गया और टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। इसी दौरान किसी ने मोबाइल से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे मामला और चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल वीडियो वायरल होने के बाद लोग टोल व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि क्या टोल नियम सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, या फिर यात्रियों से मनमानी वसूली की जा रही है। फिलहाल बजरंगगढ़ टोल प्लाजा पर 25 रुपए को लेकर हुआ यह विवाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को लेकर टोल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *