26 पिलरों पर खड़ा होगा 120 करोड़ का ओवरब्रिज:इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत बन रहा ब्रिज

धार जिले में इंदौर–दाहोद रेल परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। इसी कड़ी में नागदा–गुजरी मार्ग पर इंदौर–अहमदाबाद फोरलेन के पास करीब 120 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। यह ओवरब्रिज भविष्य में क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। 26 पिलरों पर होगा पुल का ढांचा रेलवे अधिकारियों के अनुसार ओवरब्रिज के लिए कुल 26 पिलर प्रस्तावित हैं, जिनमें से अधिकांश का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष पिलरों के लिए क्रेन मशीनों से गहरी खुदाई का कार्य जारी है। निर्माण स्थल पर भारी मशीनरी और तकनीकी स्टाफ लगातार काम में जुटा हुआ है। 550 मीटर लंबा, घुमावदार डिजाइन में होगा तैयार रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह ओवरब्रिज करीब 550 मीटर लंबा होगा। इसे आधुनिक तकनीक और घुमावदार डिजाइन में तैयार किया जा रहा है। पुल का निर्माण एक निजी स्कूल से शुरू होकर तोरनोद फाटे तक किया जाएगा। 45 डिग्री मोड़ के साथ सुरक्षित कनेक्टिविटी ओवरब्रिज में करीब 45 डिग्री का मोड़ दिया गया है, जिससे रेलवे ट्रैक के ऊपर से सड़क को सुरक्षित रूप से जोड़ा जा सके। इससे नागदा–गुजरी मार्ग और इंदौर–अहमदाबाद फोरलेन पर यातायात और अधिक सुचारु हो जाएगा। रेलवे विभाग के अनुसार निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और इसे तय समय-सीमा में पूरा करने की तैयारी है। साथ ही इंदौर–दाहोद रेल लाइन से जुड़े अन्य कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *