हनुमानगढ़ में आबकारी विभाग की टीम ने हथकढ़ शराब बनाने वाले क्षेत्रों में दबिश देकर लाहन और कच्ची भट्ठियां नष्ट कीं और हथकढ़ शराब बरामद की। इसके साथ ही एक बाइक जब्त की गई और तीन अभियोग दर्ज किए गए। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त उदयपुर और जिला कलक्टर के निर्देशानुसार मंगलवार को हनुमानगढ़ जिले के गांव धोलीपाल, किंकराली नहर पटड़ा, टिब्बी, मसानी आदि क्षेत्रों में रेड की गई। इस दौरान लगभग दो हजार लीटर उत्तेजित लाहन और चार कच्ची भट्ठियां नष्ट करवाई गई। साथ ही 27 लीटर हथकढ़ शराब और एक बाइक जब्त की गई। कार्रवाई में संगरिया प्रहराधिकारी विनोद सिंह और प्रहराधिकारी अमर सिंह जाप्ता भी शामिल रहे। पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की उत्पत्ति और बिक्री रोकने के लिए लगातार रेड और गश्त की जा रही है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आबकारी एवं मद्य संयम नीति वर्ष 2024-29 के अनुसार जिले की 360 मदिरा दुकानों से 50 प्रतिशत एएलएफ राशि 7.47 करोड़ रुपए जमा करवाने थे। इसमें से 39 दुकानों ने एएलएफ नहीं जमा किया था, जिनके निलंबन के आदेश दिए गए थे। अब 30 दुकानों ने एएलएफ जमा कर अपनी दुकानें बहाल करवा ली हैं। वर्तमान में जिले में 9 दुकानें निलंबित हैं, जिनमें सबसे अधिक 7 दुकानें हनुमानगढ़ सर्किल में हैं।


